
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक होगा भव्य कार्यक्रम
बलिया। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून के मध्य समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के संचालन के सम्बंध में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी कार्यक्रमों को प्रभावी, जनसहभागिता आधारित एवं पर्यावरण अनुकूल ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, तिथियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी तथा सभी सम्बंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही जिलाधिकारी ने केन्द्र व राज्य सरकार की नीतियों, संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आयें सकारात्मक परिवर्तन को सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूलभाव के अनुरूप प्रदर्शित करने हेतु आयोजित होेने वाले कार्यक्रमों की व्यवस्था के लिए सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को उनके दायित्व निर्धारित करते हुए सभी कार्यों एवं तैयारियों को समय से पूर्ण कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
जनपद में 6 लाख 16 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
प्रभारी मंत्री ने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। इस दौरान जनपद में 6 लाख 16 हजार पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों एवं नहरों के किनारों पर पौधारोपण किया जाए तथा सिटी फॉरेस्ट विकसित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
ये होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा
बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम, 14 से 16 जून तक जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी, तथा 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक आयोजन के साथ होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत तालाबों के चारों ओर पौधारोपण की रिंग विकसित की जाए तथा गांवों की सड़कों और नदी किनारों पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। उन्होंने आमजन को अभियान से जोड़ने और प्लास्टिक उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने पर बल दिया।
प्रत्येक विभाग की हो जिम्मेदारी
वहीं, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी तहसीलों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में योग कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए है। बैठक में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, बांसडीह विधायिका केतकी सिंह, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व विधायक उपेंद्र तिवारी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एडीएम अनिल कुमार एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

