You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : पिता के पहुंचने से पहले युवक ने गंगा में लगाई छलांग, 30 घंटे बाद भी नहीं मिला शव

width="500"

पिता से नाराज 22 वर्षीय युवक ने फोन कर कहा था “गंगा में कूदने जा रहा हूं, बेटे को बचाने दौड़े पिता, पुल पर पहुंचते ही बाइक का तेल खत्म, सामने आते ही युवक ने लगा दी छलांग
बलिया।
बक्सर-भरौली को जोड़ने वाले पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पिता से नाराज 22 वर्षीय युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना से पहले युवक ने अपने पिता को फोन कर गंगा में कूदने की बात कही थी। बेटे को बचाने के लिए पिता बाइक से पुल की ओर दौड़े, लेकिन पुल पर पहुंचने से पहले ही बाइक का तेल खत्म हो गया। पिता जब पैदल बेटे की ओर बढ़े तो उन्हें अपनी ओर आता देख युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। तेज धारा में बह जाने के कारण 30 घंटे बाद भी युवक का पता नहीं चल सका है। एनडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी है।


जानकारी के अनुसार, नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी श्याम नारायण पासवान भरौली में खाद-बीज की दुकान पर काम करते हैं। उनके 22 वर्षीय पुत्र श्रीकांत पासवान ने शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पिता से कुछ रुपये मांगे थे। रुपये देने से मना करने पर वह नाराज हो गया और कुछ देर बाद पिता को फोन कर कहा कि वह गंगा में कूदने जा रहा है।

बेटे का फोन आते ही बाइक से पुल की ओर दौड़े पिता
बेटे की बात सुनकर श्याम नारायण पासवान घबरा गए और तत्काल बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर निकल पड़े। उनका मकसद बेटे को समझाकर किसी तरह रोकना था। पिता के मुताबिक, जब वह पुल पर पहुंचे तो श्रीकांत उनसे करीब 100 मीटर की दूरी पर था। इसी दौरान बाइक का तेल खत्म हो गया। बाइक छोड़कर श्याम नारायण बेटे की ओर पैदल बढ़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिता को अपनी ओर आता देख श्रीकांत ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह तेज धारा में लापता हो गया। घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

पुलिस और एनडीआरएफ कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही बक्सर गोलंबर चेक पोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। गोलंबर पोस्ट प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि गंगा नदी में युवक के कूदने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक की तलाश कराई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। एनडीआरएफ की टीम भी गंगा में युवक की तलाश में जुटी है, लेकिन घटना के करीब 30 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। श्रीकांत दो भाइयों में छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *