
बलिया। नरही थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलरी की दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा कारोबारी को रास्ते में रोककर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार नरही थाना क्षेत्र के उजियार गांव निवासी आशीष वर्मा की इलाके में ज्वेलरी की दुकान है। शनिवार को रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद वह घर जा रहे थे। इसी दौरान कुमकुम पट्टी उजियार गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आशीष कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने उनके पास मौजूद आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।
अचानक हुई लूट की घटना से सराफा कारोबारी घबरा गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस बदमाशों के आने और भागने वाले संभावित रास्तों की भी जानकारी जुटा रही है।
लूट की वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस टीमों को बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। घटना के बाद इलाके के सराफा कारोबारियों और अन्य व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा…
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। घटना के सफल अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस जल्द घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।

