
बलिया। फोटो पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले वरिष्ठ फोटो पत्रकार रोशन जायसवाल के पत्रकारिता जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर शनिवार की शाम टहलुवा क्लब के तत्वावधान में शहर के आदर्श वाटिका में पत्रकारों का संगम देखने को मिला।

उनके 25 वर्षों के शानदार पत्रकारिता सफर को यादगार बनाने के लिए आयोजित मिलन समारोह में बलिया के अलावा प्रयागराज, वाराणसी और आजमगढ़ से भी बड़ी संख्या में पत्रकार पहुंचे।

सभी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद भरत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, नगरपालिका बलिया के अध्यक्ष संत कुमार मिठाई लाल,

चितबड़ागांव के चेयरमैन अमरजीत सिंह, सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू, डा.विजय रंजन,

पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल सिंह, वरिष्ठ पत्रकार श्याम शरण श्रीवास्तव ने वरिष्ठ फोटो पत्रकार रोशन जायसवाल के 25 वर्षों के पत्रकारिता सफर पर विस्तार से प्रकाश डाला।

सही समय पर सही तस्वीर लेना जिम्मेदारी का काम
मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि पत्रकारिता के 25 वर्षों के सफर में रोशन जायसवाल ने सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक और जनसरोकार से जुड़े अनगिनत महत्वपूर्ण पलों को अपने कैमरे में कैद किया है।

उनकी तस्वीरों ने घटनाओं को समाज के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के साथ ही कई गंभीर मुद्दों की ओर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने कहा कि एक फोटो पत्रकार के लिए घटनास्थल पर मौजूद रहकर सही समय पर सही तस्वीर लेना बड़ी जिम्मेदारी का काम है, जिसे रोशन जायसवाल ने लंबे समय से पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे है।

मेहनत, लगन और अनुभव से पत्रकारिता में बनाई अलग पहचान
समारोह में पूर्व सांसद भरत सिंह ने कहा कि कैमरे के पीछे रहकर किसी घटना के महत्व को समझना और उसे तस्वीर के माध्यम से समाज तक पहुंचाना आसान कार्य नहीं है।

रोशन जायसवाल ने अपनी मेहनत, लगन और अनुभव के बल पर पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है।

पत्रकारों ने कहा कि उनके कैमरे में केवल घटनाओं की तस्वीरें ही नहीं, बल्कि बलिया के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन के कई महत्वपूर्ण अध्याय भी दर्ज हैं।

समय के साथ पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और तकनीकी बदलावों के बावजूद उन्होंने फोटो पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी।

समारोह की अध्यक्षता व्यापारी नेता ठाकुर प्रसाद व संचालन डा. अखिलेश सिन्हा ने किया।

आभार पत्रकार रोशन जायसवाल ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर टहलुआ क्लब के सदस्य व वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार उपाध्याय उर्फ बबुआ, अरूण ंिसंह बंटू, सुशील त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर ओझा आदि मौजूद रहे।

