पीडीए कैंप कार्यालय पर मनाई गई सर सैयद अहमद खां की जयंती
बलिया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व नगर विधानसभा क्षेत्र 361 के वरिष्ठ नेता अकमल नईम खां मुन्ना के नेतृत्व में शनिवार को पीडीए कैंप कार्यालय पर सर सैयद अहमद खां की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

इस मौके पर अकमल नईम खां मुन्ना ने कहा कि सर सैयद अहमद खां ऐसी महान शख्सियत थे, जिन्होंने इल्म, तालीम और तरक्की की रोशनी से पूरी कौम को नई दिशा दिखाई। उन्होंने उस दौर में शिक्षा की अहमियत को समझा और समाज को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक शिक्षा को अपनाने पर जोर दिया। उनका मानना था कि शिक्षा ही समाज में जागरूकता लाने और तरक्की के रास्ते खोलने का सबसे सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सर सैयद अहमद खां ने मुस्लिम समाज को शिक्षित करने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्थापना की नींव रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आज भी यह संस्थान उनके सपनों, दूरदर्शिता और अथक मेहनत की निशानी है। उनके विचार आज भी समाज को शिक्षा, समानता और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
अकमल नईम खां मुन्ना ने कहा कि सर सैयद अहमद खां के जीवन से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति जागरूक करना चाहिए। समाज के विकास के लिए जरूरी है कि हर वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
