
बलिया। शहर स्थित विहान विद्यापीठ में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विद्यालय के स्पोर्ट्स टीचर मोहम्मद समीउल्लाह उर्फ राजू को सम्मानित किया गया। विद्यालय के मैनेजर नीतीश उपाध्याय ने उन्हें सम्मानित करते हुए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को खेल के प्रति प्रेरित करने के उनके प्रयासों की सराहना की।
श्री उपाध्याय ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है।

विद्यालय के मैनेजर नीतीश उपाध्याय ने मोहम्मद समीउल्लाह के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल चंदन कुमार सिंह ने भी स्पोर्ट्स टीचर मोहम्मद समीउल्लाह के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

