बलिया। श्री केदारनाथ ट्रस्ट के तत्वावधान में अध्यक्ष जयश मिश्र के नेतृत्व में शक्ति दीप गरबा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। फॉरेवर डांस स्टूडियो के अभिमन्यु प्रकाश के प्रबंधन में आयोजित कार्यक्रम में गरबा नृत्य के साथ दीपोत्सव मनाया गया। उत्सव में बलिया शहर के बच्चों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्वेता राय, भाजपा नेत्री खुशबू रेड्डी, सुनीता राय और मधु मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद गरबा नृत्य की प्रस्तुतियों ने उत्सव में शामिल लोगों का मन मोह लिया। नवरात्र और दीपावली के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक उल्लास के साथ दीपोत्सव मनाया गया।

श्री केदारनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष जयश मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति के अनुष्ठान के माध्यम से भारतीय संस्कृति को संजोना और देश की समृद्धि का उत्सव मनाना है। कार्यक्रम के समापन पर बाल प्रतिभा वैष्णवी राय, नीतिश और फॉरेवर डांस एकेडमी के नृत्य कलाकारों को सम्मानित किया गया।
