बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र में पुलिस और गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी सुगनी नट के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी रतसर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार गड़वार थाने की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शाहपुर नट बस्ती के पास नहर किनारे पुलिया के समीप एक संदिग्ध मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुगनी नट पुत्र अजीज नट उर्फ परशुराम नट, निवासी आलमपुर, थाना गड़वार, बलिया के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी के अपने साथियों के साथ मिलकर आवारा गोवंश को वाहनों में लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
