बलिया। व्याहुत जायसवाल कलवार महासभा, बलिया के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रीति गुप्ता की अध्यक्षता में आदित्य राम मंदिर, एलआईसी रोड, बलिया में माता की चौकी सह डांडिया कार्यक्रम का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज की कार्यकारिणी सदस्यों सहित सैकड़ों सम्मानित मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरा वातावरण माँ दुर्गा की भक्ति, श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं भक्ति गीतों के साथ हुआ। माता की चौकी में प्रस्तुत भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात आयोजित डांडिया कार्यक्रम में महिलाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। पारंपरिक संगीत की मधुर धुनों पर थिरकती मातृशक्तियों ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर छटा प्रस्तुत की।

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी कार्यकारिणी सदस्यों, समाज की सम्मानित महिलाओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज में एकता, समरसता और पारिवारिक संबंधों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
