
बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में सोमवार को मनियर बलिया मार्ग पर नीलगाय से टकराकर एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र पांडेय 30 वर्ष पुत्र रामबचन पांडेय निवासी रिगवन थाना मनियर के रूप में हुई। इसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिऐ भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सुरेंद्र पांडेय किसी कार्यवश सोमवार को बलिया के तरफ जा रहे थे कि छितौनी गांव के पास नीलगाय सड़क पर आ गई जिससे टकराकर वह बुरी तरह चोटिल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मनियर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे । 108 नंबर एंबुलेंस को सूचना दी गई लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। थाना प्रभारी ने घायल को पुलिस की गाड़ी में डालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल बलिया भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक सुरेंद्र पांडेय की शादी नहीं हुई थी। उनके एक भाई हरेंद्र पांडेय का परिवार एवं पिता राम बच्चन पांडेय मौजूद है। मां का पहले ही देहांत हो चुका है।
ट्रेलर के धक्के से अधेड़ की मौत
बलिया। नरहीं थाना क्षेत्र के भरौली गोलम्बर के पास एनएच 31 पर एक बार फिर दुर्घटना में मनोज कुमार 42 वर्ष की मौत हो गई। भरौली गाजीपुर मार्ग पर भरौली पेट्रोल पंप के सामने गाजीपुर की तरफ से भरौली आ रहा खाली ट्रेलर ने एक 42 वर्षीय अधेड़ को कुचल दिया। ग्रामीणों एवं पुलिस ने आटो में लादकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं भेजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नरहीं थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने बताया कि मनोज कुमार निवासी तुरहा टोली, टाउन थाना, जिला बक्सर, बिहार सोमवार को सुबह में सड़क पार कर रहा था कि अचानक ट्रेलर ने कुचल दिया। जिसमें गंभीर रूप से घायल हो गए घटना के वक्त उनके दोनों पैर बुरी तरह ज़ख्मी हो गये थे। पुलिस ने नरहीं सीएचसी पहुंचाया लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल में नरहीं थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह एसआई धर्मदेव चौहान भी पहुंच गए दो घंटे बाद शव का शिनाख्त हुआ मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया।

