
हाईस्कूल-इंटर के टॉपर छात्रों का हुआ सम्मान, विकास भवन में भव्य समारोह
मेधावी विद्यार्थियों को 21 हजार की प्रोत्साहन राशि, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान
बलिया। माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को विकास भवन सभागार में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह तथा मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने की। समारोह में जनपद स्तर पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 11-11 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना तथा अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर चयनित विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन धनराशि का प्रतीकात्मक चेक, पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रोत्साहन राशि पूर्व में ही विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है और समारोह में प्रतीक स्वरूप चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना और प्रदेश स्तर पर सम्मानित मेधावी छात्रों के समारोह का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में विद्यार्थियों से शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया।
सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े छात्र
मुख्य अतिथि संजय मिश्रा ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जनपद के मेधावी छात्र-छात्राएं जिले और प्रदेश का गौरव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया।
डीएम व सीडीओ ने भी किया संबोधित
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में सह जिला विद्यालय निरीक्षक राम आसरे यादव, प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी जिला समन्वयक समग्र शिक्षा आनन्द प्रकाश मिश्र सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन प्रधानाचार्य प्रफुल्ल कुमार ने किया। समारोह में उपस्थित जनसमूह ने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

