
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में शनिवार की आधी रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और सास की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा और मृतका की छोटी बहन कृति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही आजमगढ़ परिक्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक सुनील सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहाचवर निवासी अमित गुप्ता और बछईपुर निवासी प्रीति के बीच प्रेम संबंध था। परिवार की असहमति के बावजूद दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी। बाद में परिजन भी राजी हो गए और जुलाई 2022 में कपिलेश्वरी भवानी मंदिर में विवाह संपन्न हुआ। शादी के बाद अमित पत्नी को लेकर झारखंड चला गया, जहां वह मजदूरी करता था। इस दौरान दोनों का एक बेटा भी हुआ।
बताया जा रहा है कि पिछले महीने मार्च में अमित पत्नी और बच्चे के साथ गांव लौटा, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान अमित ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसके बाद प्रीति ने गड़वार थाने में मुकदमा दर्ज कराया और अपने मायके बछईपुर आकर रहने लगी।

शनिवार की रात आरोपी अमित ससुराल पहुंचा और छत के रास्ते घर में घुस गया। आरोप है कि उसने पहले अपने बच्चे को बिस्तर से नीचे फेंका, फिर पत्नी प्रीति का गला काट दिया। शोर सुनकर बचाने आई 52 वर्षीय सास सुशीला की भी उसने गला रेतकर हत्या कर दी। इसी दौरान 55 वर्षीय ससुर अंतु पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
इस सम्बन्ध में एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई है तथा इसके सभी संभावित स्थानों पर पुलिस दबिश दे रही है, मौके पर स्वाट/सर्विलांस टीम/फील्ड युनिट व क्षेत्राधिकारी रसड़ा घटना स्थल पर मौजूद है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

