Asarfi

Ballia : आखिर बीजेपी का भूमिहार नेता कहां से लड़ेगा चुनाव

width="500"

दो ओबीसी, दो क्षत्रिय, एक दलित, एक ब्राह्मण और एक भूमिहार पिछले चुनाव में थे मैदान में
रोशन जायसवाल,
बलिया।
जिले में सात विधानसभा है जिसमें एक विधानसभा बिल्थरारोड सुरक्षित है, शेष छह विधानसभाओं में से किस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का भूमिहार नेता चुनाव लड़ेगा। पिछला विधानसभा चुनाव 2022 में फेफना से उपेंद्र तिवारी, बलिया से दयाशंकर सिंह, बैरिया से आनंद स्वरूप शुक्ल, सिकंदरपुर से संजय यादव, बिल्थरारोड से छट्ठू राम, रसड़ा से बब्बन राजभर, बांसडीह से भाजपा व निषाद पार्टी समर्थित प्रत्याशी केतकी सिंह चुनाव मैदान में थी। अगर ऐसे देखे तो बिल्थरारोड से दलित, बैरिया से ब्राह्मण, बलिया व बांसडीह से ठाकुर, रसड़ा व सिकंदरपुर से ओबीसी व फेफना से भूमिहार चुनाव मैदान में थे।
वैसे लगातार ढाई दशक से फेफना विधानसभा क्षेत्र से उपेंद्र तिवारी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे है। अब इसी विधानसभा सीट से अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि बलिया नगर विधानसभा छोड़कर फेफना विधानसभा की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पूर्व मंत्री नारद राय भी ताबड़तोड़ मेहनत कर रहे है।


मजे की बात यह है कि भाजपा के दोनों भूमिहार नेता स्थानीय विधानसभा के निवासी नहीं है। पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी व नारद राय बलिया नगर विधानसभा में निवास करते है। कोई चंद्रशेखर नगर तो कोई टैगोर नगर का निवासी है। राजनीतिक गलियारों में आम चर्चा यह होती है कि उपेंद्र तिवारी ढाई दशक से फेफना विधानसभा चुनाव लड़ते आए है और दो विधायक व एक बार मंत्री भी रहे हैं और उनके द्वारा कई विकास कार्य भी क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरी ओर पूर्व मंत्री नारद राय भूमिहार बिरादरी में अपनी पैठ बना रहे है। दोनों नेता सरकारों में मंत्री भी रहे है।

फेफना विधानसभा क्षेत्र में दो नगर पंचायत व दो ब्लाक और एक आंशिक ब्लाक हनुमानगंज शामिल है। मुख्य बाजारों की बात करें तो रतसर बाजार, गड़वार बाजार व चितबड़ागांव और फेफना, सिहांचवर, नरहीं, लक्ष्मणपुर, भरौली बाजार मुख्य है। इन बाजारों में शाम के वक्त चाय, पान की दुकान में दिखने वाले आम लोगों में यह चर्चा जरूर होती है कि दो भूमिहार बिरादरी के नेता क्षेत्र में मेहनत कर रहे है। लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को यह तय करना है कि भाजपा से कौन उम्मीदवार होगा। इस समय उपेंद्र तिवारी बंगाल के चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रचार में लगे हुए है वहीं नारद राय फेफना विधानसभा क्षेत्र में जनता से मिल रहे है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *