
बलिया। शहर के जापलिनगंज स्थित चित्रगुप्त मंदिर मार्ग पर नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। यहां एक मकान के सामने करीब छह माह पहले नाला खोदकर छोड़ दिया गया, लेकिन अब तक उसका निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया। अधूरा पड़ा यह नाला न सिर्फ आने-जाने में बाधा बन रहा है, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण भी बन गया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, नाला खोदने के बाद से ही मकान में रहने वाले परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घर के सामने गड्ढा होने के कारण आवाजाही प्रभावित है, वहीं बारिश या पानी भरने की स्थिति में हालात और भी खराब हो जाते हैं। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

खुले पड़े नाले से लगातार बदबू उठ रही है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

