You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : बदहाल विद्युत आपूर्ति को लेकर सड़क पर उतरे छात्रनेता व ग्रामवासी

पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति ने किया नेतृत्व, नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू ने लगाया विभाग पर आरोप
बांसडीह (बलिया)।
जनपद में सुखपुरा एवं देल्हुआ विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में लगातार बदहाल होती विद्युत आपूर्ति को लेकर पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के नेतृत्व में सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने तहसील मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन किया। समिति के संयोजक सह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू का कहना है कि इन उपकेंद्रों से जुड़े फीडरों में आए दिन विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है, जिसके कारण आमजनमानस को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


श्री सिंह ने कहा कि शासनादेश के अनुसार सरकार द्वारा जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील मुख्यालय पर 20 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की व्यवस्था है, लेकिन सुखपुरा एवं देल्हुआ उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में कई बार 10 घंटे भी सुचारू विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही है।


आदित्य योगी ने कहा कि इन क्षेत्रों की मुख्य विद्युत आपूर्ति रसड़ा से आती है तथा इसी आपूर्ति व्यवस्था से बलिया सिविल लाइन सहित कई अन्य फीडर भी जुड़े हुए हैं। अत्यधिक लोड के कारण बार-बार विद्युत ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न होती है। वहीं, क्षेत्रीय लोगों द्वारा जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत करने पर मुख्य सप्लाई खराब होने की बात कही जाती है। समिति का आरोप है कि कई बार ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित कर शहर की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जाती है।


युवा नेता चुनमुन यादव ने यह भी कहा कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के कई फीडर इब्राहिमपट्टी पावर ट्रांसमिशन से सीधे जुड़े होने के कारण अपेक्षाकृत बेहतर विद्युत आपूर्ति प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में सुखपुरा एवं देल्हुआ उपकेंद्रों को भी इब्राहिमपट्टी पावर ट्रांसमिशन से सीधे जोड़ने की आवश्यकता है।

पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति की प्रमुख मांगें
सुखपुरा एवं देल्हुआ विद्युत उपकेंद्रों को इब्राहिमपट्टी पावर ट्रांसमिशन से सीधे जोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
गलत एवं अत्यधिक बनाए जा रहे बिजली बिलों को तत्काल दुरुस्त किया जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का उचित समाधान किया जाए।
पुराने एवं जर्जर विद्युत तारों को तत्काल बदला जाए, ताकि विद्युत दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
मीटर रीडिंग में हो रही अनियमितता एवं लापरवाही पर रोक लगाई जाए तथा वास्तविक मीटर रीडिंग के आधार पर ही बिजली बिल जारी किया जाए।
विद्युत विभाग में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

प्रदर्शन में इनकी रही मौजूदगी
पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति ने उपजिलाधिकारी बांसडीह के माध्यम से संबंधित अधिकारियों एवं शासन-प्रशासन से मांग की है कि उक्त समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी बबुआ जी व संचालन छात्र नेता अमित यादव गोलू ने किया। इस अवसर पर भरत यादव,पवन राजभर, नवीन सिंह, डम्पू सिंह, बंटी सिंह, बीरेंद्र यादव दूधिया,प्रभात मौर्य, आशीष सिंह, आदित्य सिंह भुवर, तेज प्रताप सिंह, रितेश पांडे, भीम सिंह, वीरेंद्र यादव एवं सैकड़ों लोग शामिल थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *