बलिया। एस.एस. पैरामाउंट स्कूल, मझौली की कक्षा 8 की छात्रा दीपाली चौधरी को रक्षाबंधन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी भेजने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से प्राप्त प्रशंसा पत्र के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डाक अधीक्षक, बलिया राजीव कुमार श्रीवास्तव विद्यालय पहुंचे और छात्रा दीपाली चौधरी को सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दीपाली की इस पहल से अन्य विद्यार्थी भी रचनात्मक कार्यों के साथ-साथ देश के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए प्रेरित होंगे।

डाक विभाग की ओर से छात्रा के प्रयास को प्रोत्साहित करने के लिए किए गए सम्मान पर विद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
