You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : घनी आबादी में अवैध पटाखों का भंडारण, 15 लाख का माल सीज

नाथबाबा चौराहे के पास छापेमारी में 85 बोरी और 15 कार्टून पटाखे बरामद, एक व्यक्ति हिरासत में
बलिया।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत रसड़ा पुलिस ने अवैध पटाखा और विस्फोटक सामग्री के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी रसड़ा रणवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के नाथबाबा चौराहा के पास एक परिसर में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए।


पुलिस के अनुसार, मौके पर तारकेश्वर जायसवाल पुत्र स्व. रघुनाथ प्रसाद जायसवाल निवासी नाथबाबा चौराहा मौजूद मिले। दुकान एवं आवासीय परिसर की जांच के दौरान 85 छोटी-बड़ी बोरियां, 15 कार्टून तथा कुछ खुले हुए करीब पांच बोरी पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई है।
पुलिस के मुताबिक, पटाखों का भंडारण बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक सुरक्षा मानकों के किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि भंडारण घनी आबादी वाले क्षेत्र के पास था। मौके पर आग बुझाने के पर्याप्त साधन और जिला प्रशासन की वैध अग्निशमन एनओसी भी नहीं मिली।


इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बरामद पटाखों और विस्फोटक सामग्री को जब्त कर सीज कर दिया। अवैध भंडारण में संलिप्त तारकेश्वर जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी के अनुसार, सुरक्षा मानकों की अनदेखी से किसी दुर्घटना की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *