You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Balliya : बर्लिन मैराथन में बलिया की बेटी ने जीता कांस्य, 60 हजार धावकों के बीच हासिल किया तीसरा स्थान

बलिया। नगर पंचायत नगरा के वार्ड नंबर तीन की रहने वाली अन्विता वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित बीएमडब्ल्यू बर्लिन फुल मैराथन में अन्विता ने महिला वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने 42.2 किलोमीटर की दौड़ तीन घंटे 23 मिनट में पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
27 सितंबर को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मैराथन में दुनियाभर से करीब 60 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता में महिला वर्ग में तीसरा स्थान हासिल करना अन्विता की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अन्विता वर्तमान में बिहार के पटना स्थित विद्युत विभाग में लेखा सहायक के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ वह नियमित रूप से दौड़ का अभ्यास करती हैं। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक के रूप में सामने आया है।

कई मैराथन में कर चुकी हैं शानदार प्रदर्शन
अन्विता इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मैराथन प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। 13 सितंबर को लद्दाख में आयोजित मैराथन के अलावा उन्होंने टाटा मुंबई मैराथन और कोलकाता फुल मैराथन में भी शानदार प्रदर्शन किया है।

नगरा पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
रविवार देर शाम नगरा पहुंचने पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने अन्विता का स्वागत किया। उनकी उपलब्धि से परिवार के साथ ही पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शशिप्रकाश कुशवाहा, निर्भय प्रकाश, रामायण ठाकुर और डॉ. आरएस वर्मा समेत अन्य लोगों ने अन्विता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *