
बलिया : भीषण गर्मी के बीच जनपद के एआरटीओ कार्यालय, जीराबस्ती में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन कार्यालय परिसर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, कार्यालय में लगा आरओ (RO) वाटर सिस्टम वर्षों से खराब पड़ा हुआ है। ऐसे में लाइसेंस संबंधी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी में पानी की व्यवस्था न होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
वहीं कार्यालय परिसर में बैठने की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। दूर-दराज से आने वाले आवेदकों को घंटों अपने काम के लिए इंतजार करना पड़ता है, लेकिन पर्याप्त बैठने की सुविधा न होने के कारण उन्हें खड़े रहने या इधर-उधर समय बिताने को मजबूर होना पड़ता है। लोगों का कहना है कि जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक अपने जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं, वहां पेयजल और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। स्थानीय लोगों और आवेदकों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द आरओ को दुरुस्त कराने तथा बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

