
बलिया। भारतीय जनता पार्टी के गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का शनिवार को पहली बार बलिया आगमन पर जिला मुख्यालय में भव्य स्वागत किया गया। पार्टी कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विनोद शंकर दुबे ने उन्हें गदा भेंट कर संगठन की मजबूती और विजय का प्रतीक बताया।
अपने संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।

उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की तैयारी में पूरी शक्ति से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि सेवा, राष्ट्रहित और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है।

भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि विनोद राय लंबे समय से संगठन के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उनका अनुभव, कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि बलिया भाजपा संगठन क्षेत्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में पूरी एकजुटता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देगा तथा आगामी सभी चुनावों में ऐतिहासिक सफलता सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेगा।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, विधायक केतकी सिंह, उपेन्द्र तिवारी, आनंद स्वरूप शुक्ला, रविन्द्र कुशवाहा, राम इकबाल सिंह, संजय यादव, वाल्मीकि त्रिपाठी, विनोद दुबे, नारद राय, देवेंद्र यादव, जयप्रकाश साहू, विजय बहादुर सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुनीता श्रीवास्तव, शिवशंकर चौहान,छठू राम, हिमांशु प्रताप सिंह, संजीव डंपू, आलोक शुक्ला, कृष्णा पांडेय, प्रदीप सिंह, शशि चौरसिया, मनोज श्रीवास्तव, अजय राजभर, राजेश सिंह, भरत राय, नितेश सिंह, मिथिलेश तिवारी, जयप्रकाश जायसवाल, नितेश मिश्रा, पंकज सिंह, राकेश वर्मा, प्रतुल ओझा,राणा कुनाल सिंह , प्रमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री संजीव कुमार डम्पू ने किया।

