
बेल्थरारोड (बलिया)। गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उभांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने तीन गो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे आठ गोवंश, दो मैजिक वाहन और तीन रामपुरी चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
थाना उभांव प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक अपनी टीम के साथ चौकिया मोड़ पर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध मैजिक वाहन यूपी 60 एटी 2107 और यूपी 60 बीटी 3523 में गोवंश लादकर तस्करी के लिए ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तेलमा जमालुद्दीनपुर लिंक रोड हल्दीरामपुर के पास वाहनों को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ होने से वाहन फंस गए और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से आठ गोवंश और तीन रामपुरी चाकू बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गनेश यादव पुत्र दशरथ यादव निवासी नरही थाना नगरा, कन्हैया यादव पुत्र काशीनाथ यादव निवासी नरही थाना नगरा तथा दीपक कुमार वर्मा पुत्र प्रेमशंकर निवासी बाछापार थाना पकड़ी, जनपद बलिया के रूप में हुई।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना उभांव में मु0अ0सं0 165/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार
बरामदगी में 8 गोवंश, 3 रामपुरी चाकू, 2 मैजिक वाहन यूपी 60 ए टी 2107 व यूपी 60 बीटी 3523 इस कार्रवाई में थाना उभांव प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक समेत उप निरीक्षक अरविंद कुमार एवं पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।

