बलिया। भारतीय जनता पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता की ओर से लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों को भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने सिरे से खारिज किया है। शनिवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ साजिश के तहत इस प्रकार के चारित्रिक आरोप लगाए गए हैं। जांच में पूरे मामले का खुलासा होगा और षड्यंत्र में शामिल सभी लोग बेनकाब होंगे।
संजय मिश्र ने कहा कि वायरल वीडियो में उन पर चारित्रिक आरोप लगाए गए हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं। आम जनमानस से लेकर विपक्षी दलों के लोग भी जानते हैं कि वह किस प्रकार के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि जिसके कहने पर और जिस रणनीति के तहत ये आरोप लगाए गए हैं, जांच में इसका खुलासा निश्चित रूप से होगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी। उन्होंने कहा कि किसी कार्यकर्ता या सम्मानित व्यक्ति पर इस प्रकार का आरोप लगाकर सुर्खियां बटोरना और उसके चरित्र को खराब करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। ऐसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। महिला से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष होने के नाते वह सभी से मिलते-जुलते हैं। मुलाकात होना और आरोप लगाना दोनों अलग-अलग बातें हैं।
आरोप लगाए जाने के कारण के सवाल पर संजय मिश्र ने कहा कि जांच के बाद सभी चीजें सामने आएंगी। पता चलेगा कि किसके कहने और किसके इशारे पर इस प्रकार का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल दूध का दूध-पानी का पानी होना ही है और जो भी इस साजिश में शामिल हैं, वे सभी बेनकाब होंगे।
पार्टी के ही कुछ लोगों के इसमें शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है और वह किसी पर आरोप नहीं लगा सकते। उन्होंने माना कि पार्टी के जिलाध्यक्ष पर इस प्रकार का आरोप लगने से पार्टी की छवि को भी धक्का लगता है। हालांकि उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी निराधार आरोप लगाए हैं, कानून अपना काम करेगा। पार्टी और प्रशासन दोनों स्तर से जांच होगी और पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश होगा।
