रोशन जायसवाल,
बलिया। निर्माणाधीन रोडवेज अब नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। एयरपोर्ट की तर्ज पर तैयार हो रहे इस रोडवेज भवन की लंबाई करीब 80 मीटर, गहराई 30 मीटर और ऊंचाई 17 मीटर होगी। भवन में भूमि तल, ग्राउंड फ्लोर, प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल का निर्माण होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियों की व्यवस्था भी होगी। रोडवेज परिसर में यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दुकानें, जिम, कमरे, हॉल और कार्यालय भी बनाए जाएंगे।
खास बात यह होगी कि परिसर में एक साथ 16 बसों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। यानी यात्रियों को बसों के संचालन और आवागमन के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। बलिया का यह निर्माणाधीन रोडवेज आने वाले समय में शहर की नई पहचान के रूप में नजर आ सकता है।

बोले परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह…
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि पूरी कोशिश है कि बहुत जल्द बलिया का रोडवेज बनकर तैयार हो और जनता को समर्पित किया जाए। जजेज कॉलोनी का नया रास्ता बनकर तैयार हो चुका है। अब जल्द ही रोडवेज निर्माण कार्य और रफ्तार पकड़ेगा।
