You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : बलिया में आलू बेचकर लौट रहे व्यापारी पर बदमाशों ने मारी गोली

बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के जयप्रभा सेतु के मांझी चेकपोस्ट के पास शुक्रवार की रात बिहार से आलू बेचकर लौट रहे ट्रैक्टर को रोककर गोली चलाने का मामला सामने आया है। गोली ट्रैक्टर पर बैठे बैरिया कस्बे के लीला छपरा वार्ड नंबर चार निवासी बबलू कुमार गुप्ता की बाईं जांघ में लगी। घटना के बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। मामले में घायल के भाई सुशील कुमार गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


तहरीर के अनुसार बबलू कुमार गुप्ता ट्रैक्टर पर आलू लादकर बिहार के एकमा में बेचने गया था। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह चालक रितेश यादव के साथ ट्रैक्टर से बैरिया लौट रहा था। आरोप है कि मांझी पुल चेकपोस्ट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोगों ने ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद आरोपितों ने चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।


सुशील कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि ट्रैक्टर चालक रितेश यादव से आरोपितों की पुरानी रंजिश थी। इसी को लेकर जयराम यादव ने पूर्व में रितेश को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि मौके पर जयराम यादव ने ट्रैक्टर चालक की पहचान रितेश के रूप में कराई। इसके बाद रमाशंकर यादव और अरुण यादव ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली रितेश को न लगकर ट्रैक्टर पर बैठे बबलू कुमार गुप्ता की बाईं जांघ में जा लगी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चांददियर निवासी जयराम यादव पुत्र बीरन यादव, अरुण यादव पुत्र राजनाथ यादव, संदीप यादव पुत्र रामशंकर यादव, रमाशंकर यादव पुत्र लक्ष्मण यादव और दयाशंकर यादव उर्फ टुन्नू पुत्र राजनाथ यादव को नामजद किया है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *