
बलिया। जनपद बलिया के फेफना विधानसभा क्षेत्र में नई तहसील के गठन की प्रक्रिया तेज होती दिखाई दे रही है। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी एक पत्र में नगर पंचायत चितबड़ागांव को नई तहसील के रूप में विकसित किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यालय जिलाधिकारी बलिया से 15 जून 2026 को जारी पत्र के अनुसार, आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र तथा शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में चितबड़ागांव को तहसील बनाए जाने के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
पत्र में उल्लेख है कि नई तहसील के सृजन हेतु निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर राजस्व परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। इसके लिए उत्तर प्रदेश में नई तहसीलों के गठन संबंधी निर्धारित मानकों एवं राजस्व संहिता की व्यवस्थाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर औचित्यपूर्ण एवं सुसंगत प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया है।
दयाशंकर सिंह व नारद राय भी कर चुके है पत्राचार
गौरतलब है कि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व पूर्व मंत्री नारद राय द्वारा भी इस संबंध में पत्राचार किया गया था, जिसके बाद शासन स्तर पर मामला आगे बढ़ा है।
यदि प्रस्ताव निर्धारित मानकों पर खरा उतरता है और शासन से स्वीकृति मिलती है, तो चितबड़ागांव को नई तहसील का दर्जा मिल सकता है। इससे फेफना विधानसभा क्षेत्र तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज की तहसीलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

