
अजय तिवारी,
दोकटी (बलिया)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दोकटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार देर रात दोकटी थाना क्षेत्र के दोकटी ढाला के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के प्रयास के मामले में वांछित इनामी आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी धीरज सिंह उर्फ मोहर सिंह (26 वर्ष) निवासी लक्ष्मण छपरा, थाना दोकटी, जनपद बलिया के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर तत्काल सीएचसी सोनबरसा भेजा गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया जहाँ उसका उपचार चल रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया…
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 22 मार्च 2026 को लक्ष्मण छपरा निवासी सुजीत कुमार सिंह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पूरे मामले में एसओ दोकटी वीरेंद्र सिंह, आरक्षी चालक राम बाबू गोस्वामी, लालगंज चौकी प्रभारी शिव मूर्ति त्रिपाठी व रामबलि दीवान आदि रहे।

