
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के चाई छपरा गांव मायके से अपने मृत पति के कपड़े व अन्य सामान सरयू नदी में विसर्जित करने के लिए शुक्रवार को अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर गांव के सामने सरयू नदी के किनारे जा रही बिंदु देवी 27 वर्ष पत्नी स्वर्गीय मुन्ना चौधरी की मौत बाइक से गिरकर हो गई।घटना के बाद कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि बिंदु देवी की शादी मुन्ना चौधरी निवासी कटघरवा (इनई) सारण बिहार में हुई थी। जहां कुछ दिन पूर्व उसके पति मुन्ना चौधरी की मौत हो गई थी। तब से व अपने 6 माह के छोटी बच्ची के साथ अपने मायके चाई छपरा जाकर रहने लगी थी। गुरुवार को परिजन इनई जाकर वहां से उसके पति के समान उठा ले आए।शुक्रवार को उसे सरयू नदी में विसर्जित करने के लिए अपने छोटे भाई मुनीब चौधरी की बाइक पर बैठकर व घर से सरयू नदी के तट पर जा रही थी कि गांव से कुछ ही दूरी पर असंतुलित होकर बाइक पलट गई और बिंदु देवी के सर में चोट लग गई।
स्थानीय लोग उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की एक छः माह की बच्ची है। जो अब इस दुनिया में अनाथ हो गई है। शव के पंचनामा के बाद परिजनों ने बिंदु देवी का अंतिम संस्कार सरयू नदी के तट पर कर दिया।

