
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव के पूरब गड़वार- सुखपुरा मार्ग पर स्थित मां काली मंदिर की पीतल जड़ित व सोने की आंख लगी पिंडी सोमवार की रात चोर उखाड़ ले गए। इस घटना से मां काली भक्तों में तीव्र आक्रोश है। घटना की जानकारी लोगों को उस समय लगी जब मंगलवार की सुबह महिलाएं मां काली की पूजन करने के लिए मंदिर में पहुंची। सात पिंडियों में एक पिंडी के जड़ से उखड़ना देख उन्होंने शोर मचाया। महिलाओं के शोर पर पड़ोसी पहुंचे और घटना की सूचना थाना सुखपुरा को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर लोगों से आवश्यक जानकारी हासिल किया। मंदिर में स्थापित सात पिंडी है जो पीतल से जड़ित है सभी में सोने की आंख लगी है। चोर केवल एक पिंडी ही उखाड़ कर ले गए जबकि छह को छोड़ दिया यह आश्चर्यजनक है। क्षेत्र में मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है इसके पहले इसी वर्ष 4 जनवरी की रात बुढ़वा शिवजी मंदिर से साढ़े चार किलो चांदी से जड़ित शिवलिंग चोर उखाड़ ले गए थे जिसका पता आज तक नहीं लगा हालांकि पुलिस चोरी के राजफाश के नाम पर खानापूर्ति कर अपनी पीठ स्वयं थपथपा ली थी। कुछ दिन पहले भोजपुर हनुमान मंदिर से दानपेटी का भी चोर चुरा लिए थे।थानाध्यक्ष सुखपुरा रत्नेश दुबे ने बताया कि घटना की सूचना है।इस चोरी का राजफाश शीघ्र कर दिया जाएगा।

