Ballia : पुल से टकराई अनियंत्रित बाइक, युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

सिकंदरपुर (बलिया)। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के उमेदा गांव के समीप बुधवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब आठ बजे उस समय हुआ, जब नगरा की ओर जा रहे 40 वर्षीय संजय यादव पुत्र स्वामीनाथ यादव, निवासी नेहता, अपनी बाइक से जा रहे थे। जानकारी के अनुसार उमेदा गांव के पास स्थित पुल के समीप अचानक सड़क पर ब्रेकर आने से संजय यादव की बाइक अनियंत्रित हो गई। तेज गति के कारण बाइक सीधे पुल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजय यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही अचेत हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि संजय यादव किसी आवश्यक कार्य से अपने गांव से निकले थे और नगरा की ओर जा रहे थे। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने को ही हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। वहीं पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल के पास ब्रेकर और सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

