
बलिया। सुखपुरा थाना परिसर से 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश प्रिंस यादव फरार होने के मामले में एसपी ओमवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मियों में थाने के मुंशी वीरेंद्र कुमार तथा पीआरवी पर तैनात भरत चौरसिया और सुनील यादव शामिल हैं। सीओ सिटी सतीश शर्मा की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, करनई गांव में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पीआरवी पुलिस को सौंपा था। पीआरवी उसे सुखपुरा थाने लेकर आई, जहां उसकी पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान निवासी 25 हजार के इनामी बदमाश प्रिंस यादव के रूप में हुई। उसके खिलाफ जिले के कई थानों में मारपीट और जानलेवा हमले समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि मुहर्रम ड्यूटी में व्यस्त पुलिसकर्मियों की लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपी थाना परिसर के पीछे वाले रास्ते से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन देर शाम तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। फरार इनामी बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

