
बलिया। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गिरिजेश कुमार सिंह (56 वर्ष) का शनिवार की सुबह अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उनके निधन से समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं ने उन्हें एक कुशल संगठनकर्ता, मिलनसार और व्यवहारकुशल व्यक्तित्व का धनी बताया है।
बलिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद सनातन पाण्डेय ने अपने शोक संदेश में कहा कि गिरिजेश सिंह पार्टी के समर्पित एवं कर्मठ नेता थे। उनके निधन से समाजवादी पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने गिरिजेश सिंह के निधन को समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि गिरिजेश सिंह ने जीवनभर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह ने बताया कि गिरिजेश सिंह का व्यवहार सभी कार्यकर्ताओं के प्रति अत्यंत आत्मीय था और वे सदैव संगठन को मजबूत करने में लगे रहते थे। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विश्राम यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उनके निधन से एक जुझारू एवं ईमानदार कार्यकर्ता खो दिया है।
समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने कहा कि गिरिजेश सिंह का निधन उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत दुःखद है। नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक व्यक्त करने वालों में हरिशंकर राय, अजय यादव, सर्वजीत यादव, रामेश्वर पासवान, अटल पाण्डेय आदि शामिल रहे।

