
बलिया। लंबे समय से चिकित्सक के अभाव से जूझ रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पूर पर अब डॉक्टर की तैनाती होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। चिकित्सक के न होने के कारण मरीजों को सामान्य उपचार के लिए भी दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों या जिला अस्पताल का रुख करना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती थी।
क्षेत्र के लोगों की इस समस्या को देखते हुए समाजसेवी सविंद्र सिंह ने लगातार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चिकित्सक की तैनाती की मांग की थी। उनके प्रयास के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पीएचसी पूर पर डॉ. आशीष चौहान की तैनाती कर दी है।
नई व्यवस्था के तहत डॉ. आशीष चौहान सप्ताह में तीन दिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूर पर मरीजों का उपचार करेंगे, जबकि शेष तीन दिन स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर में अपनी सेवाएं देंगे।
इससे दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। समाजसेवी सविंद्र सिंह ने चिकित्सक की तैनाती के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

