You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : पेड़ के नीचे बारिश से बचने खड़े चार युवकों पर गिरी आकाशीय बिजली, दो की मौत

कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग पर हादसा, दो युवक झुलसे, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
बलिया।
भीमपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक झुलसकर घायल हो गए। घायलों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को कसेसर में साप्ताहिक बाजार लगती है। इसी दौरान कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग के बीच सूअर के मांस की दुकान के आसपास लोग मौजूद थे। दोपहर में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए कुछ लोग दुकान के पास स्थित एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज बिजली चमकी और पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में वहां खड़े चार युवक भी आ गए। हादसे में कसौंडर निवासी रंजीत कुमार (32) और सिकंदरापुर निवासी अनुराग कुमार उर्फ गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटू कुमार (30) समेत एक अज्ञात युवक झुलसकर घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आकाशीय बिजली गिरने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की जानकारी मृतकों व घायलों के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के रोने-चीखने से मौके का माहौल गमगीन हो गया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर भीमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *