तीज का सामान लेकर घर लौट रहे थे उमेश, कैथी शंकरपुर मठिया मोड़ पर हमले का आरोप, आरोपितों की तलाश में तीन टीमें
बेल्थरारोड (बलिया)। तीज पूजा का सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे युवक को कैथी शंकरपुर मठिया मोड़ के पास रोककर लाठी-डंडों और बांस से पीटने का मामला सामने आया है। सिर में गंभीर चोट लगने से घायल करनी गांव निवासी उमेश चौरसिया (35) की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि एसटीएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सोमवार रात उमेश मालीपुर से तीज पूजा का सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि कैथी शंकरपुर मठिया मोड़ के पास तीन बाइक पर सवार छह लोग पहले से घात लगाकर बैठे थे। उमेश के वहां पहुंचते ही उनकी बाइक रोककर चाबी छीन ली गई। विरोध करने पर लाठी-डंडों और बांस से हमला कर दिया गया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े।

जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग और स्वजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, सीओ रसड़ा रजनीश कुमार और प्रभारी निरीक्षक उभांव दिनेश कुमार पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के भतीजे चंदन चौरसिया की तहरीर पर बगल के गांव निवासी विपिन और उसके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गठित तीन टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
प्रभारी निरीक्षक उभांव दिनेश कुमार पाठक ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
