
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के तिवारी के मिल्की निवासी महेश कुमार ओझा ने बैरिया थाने के दो उप निरीक्षकों सहित पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल मे जुटी हुई है।
तिवारी के मिल्की निवासी महेश कुमार ओझा का गांव के ही गुड्डू शाह व मनोज शाह के साथ भूमि विवाद चल रहा था।
जिसमें उन्होंने आईजीआरएस के तहत शिकायत की थी। मौके पर पहुंच कर उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने जांच पड़ताल किया था। आरोप है कि जांच के बाद पुलिस ने विपरीत रिपोर्ट लगा दिया था। जिसकी शिकायत लेकर 3/11/2025 को महेश कुमार ओझा थाने गए और आपत्ति करने लगे। आरोप है कि वहां मौजूद उपनिरीक्षक प्रभाकर शुक्ला, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, दीवान जय किसुन पाल, रिपुंजय, आरक्षी धर्मेंद्र ने उनके साथ गाली गलौज किया, अपमानित किया और फिर दोबारा इस तरह की शिकायत नहीं करने की चेतावनी दी।
इस संदर्भ में महेश कुमार ओझा द्वारा पुलिस अधीक्षक को प्रतिवेदन देकर शिकायत किया गया, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद महेश कुमार ओझा इस संबंध में न्यायालय में वाद दाखिल किया। जहां सीजेएम बलिया के आदेश पर धारा 352 और 351(3) बीएनएस के तहत शनिवार को बैरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस संबंध में पूछने पर क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि वादी द्वारा न्यायालय में प्रतिवेदन दिया गया था। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है। विवेचना में अगर तथ्य सही पाया गया तो पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होगी। अगर तथ्य गलत पाया गया तो वादी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।

