
बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हरनाटार गांव में शनिवार देर रात आपसी विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान 20 वर्षीय आयुष राय के रूप में हुई है। युवक का अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई और मामला दर्ज कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि रात करीब 11 बजे आयुष राय उर्फ नारियल ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पड़ोसी पट्टीदार ने उस पर फायर किया है। आयुष के बाएं हाथ की कोहनी में चोट लगी है और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में धनंजय राय द्वारा यह घटना कारित करने की बात सामने आई है। धनंजय राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित आयुष राय के पिता सुनील राय ने आरोप लगाया है कि धनंजय राय ने उन पर यह तीसरी बार हमला किया है। सुनील राय ने बताया कि घटना के समय वह गोरखपुर में थे और उन्हें रात 11ः20 बजे घर से सूचना मिली।
वहीं, आरोपी धनंजय के पिता ने दावा किया है कि घटना के समय उनका बेटा घर में सोया हुआ था। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

