
बलिया। शहर के टाउन हॉल रोड स्थित चर्चित मिर्ची रेस्टोरेंट में रविवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तंदूर की भट्टी से निकली चिंगारी के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते रेस्टोरेंट की रसोई को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय रेस्टोरेंट खुला हुआ था और कर्मचारी रसोई में काम कर रहे थे। इसी दौरान तंदूर से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली। रेस्टोरेंट संचालक गुड्डू सिंह ने बताया कि जलते कोयले से निकली चिंगारी ने पहले रसोई के सामान को अपनी चपेट में लिया और फिर आग तेजी से फैलने लगी।

आग की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग रेस्टोरेंट के बाहर जमा हो गए। सूचना पर स्थानीय कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। हालांकि तब तक रेस्टोरेंट के अंदर घना काला धुआं भर चुका था। आग बुझाने के दौरान इस्तेमाल किए गए पानी से रसोई में रखा भारी मात्रा में खाने-पीने का सामान खराब हो गया।

तत्काल मौके पर पहुंची दमकल टीम
बलिया। अग्निशमन अधिकारी द्वितीय संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और ऑक्सीजन उपकरणों की मदद से धुएं के बीच अंदर जाकर आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी दुर्घटना टल गई।

आग से बचाव के सभी जरूरी उपकरण मौजूद
वहीं रेस्टोरेंट मालिक गुड्डू सिंह का कहना है कि रेस्टोरेंट में आग से बचाव के लिए सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे और शुरुआती समय में उनका इस्तेमाल भी किया गया।

पांच दिन के अंदर दूसरी बार लगी आग
गौरतलब है कि बलिया शहर में पांच दिनों के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले चार दिन पूर्व विश्नीपुर चौराहे स्थित एक दवा दुकान में भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जिससे शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

