
बलिया। जिले में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर दोपहिया वाहन मंगलवार को सड़क पर उतारे गए। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से दोनों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आधुनिक उपकरणों से लैस इन वाहनों के जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, प्रदेश में यातायात व्यवस्था के आधुनिकीकरण और सड़क सुरक्षा को लेकर चल रही योजना के तहत यातायात निदेशालय ने विभिन्न जिलों को आधुनिक उपकरणों से लैस इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराए हैं। इसी क्रम में बलिया को दो इंटरसेप्टर दोपहिया वाहन मिले हैं।
ओवरस्पीडिंग और स्टंटबाजी पर रहेगी नजर
इंटरसेप्टर वाहनों का इस्तेमाल ओवरस्पीडिंग, रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में किया जाएगा। इसके अलावा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी निगरानी रखी जाएगी। जाम की सूचना मिलने पर ये वाहन तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराने में भी मदद करेंगे।
आधुनिक तकनीक से लैस हैं वाहन
इंटरसेप्टर वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइजर और अल्कोहल मीटर समेत कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। लाल-नीली चेतावनी बत्ती और हूटर की भी सुविधा है।
पुलिस के मुताबिक, इन वाहनों को शहर, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात कर यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी लाइन/ट्रैफिक मंजरी राव, पुलिस अधीक्षक पीआरओ निरीक्षक चंद्रभास्कर द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक ट्रैफिक अनवर अली सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

