
बलिया। होली के दिन शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के राजपूत नेवरी मोहल्ले में दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और पथराव में बदल गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार अभय पटेल और शिव गुप्ता (निवासी बेदुवा बांध, बिचला घाट, बलिया) मोटरसाइकिल से राजपूत नेवरी गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी वहां के निवासी इकबाल, अब्दुल्ला और परवेज रशीद से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मोटरसाइकिल की टंकी पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मौके पर खड़ी एक ई-रिक्शा का शीशा भी टूट गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव होता दिखाई दे रहा है। वीडियो के एक हिस्से में करीब एक दर्जन से अधिक युवक लाठी-डंडों के साथ नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर चार-पांच युवक दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

