
बलिया। रक्षाबंधन का पर्व नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाईयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। इसके बाद आरती उतारने के बाद तिलक लगाकर भाईयों का मुंह मीठा कराया।
भाईयों ने भी उपहार आदि देकर बहनों की रक्षा करने का संकल्प लिया। विवाहिता बहनों ने अपने मायके जाकर भाईयों की कलाई पर स्रेह का धागा बांधकर दीर्घायु होने की कामना की। वहीं, दूर-दराज की अधिकांश बहनों ने मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे नि:शुल्क रोडवेज बस सेवा का भरपूर फायदा उठाया। रक्षाबंधन को लेकर चट्टी-चौराहा एवं बाजारों में चहल-पहल रही। राखी, मिठाई एवं कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। रक्षाबंधन को लेकर घरों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

बहनों ने डीपी पर लगाया दयाशंकर सिंह का फोटो
बलिया। उप्र परिवहन निगम की बसों में रक्षाबंधन पर बहनों को नि:शुल्क और 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा का तोहफा मिला है। सिर्फ बलिया में अपने मोबाइल फोन में 50 हजार से भी अधिक बहनों ने अपने भाई यूपी सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की डीपी लगायी।

विगत् दिनों बलिया नगर विधानसभा में परिवहन मंत्री द्वारा रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। इस दौरान हजारों बहनों ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को राखी बांधी। लगातार कई दिनों से बलिया विधानसभा में रक्षाबंधन का पर्व जनसहभागिता, संगठनात्मक सहभागिता और सामाजिक समर्पण के साथ मनाया जा रहा है। इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रदेश की बहनों को रक्षाबंधन का तोहफा दिया गया है। इसका व्यापक असर दिख रहा है। सिर्फ बलिया में 50 हजार से भी अधिक बहनों ने अपने भाई परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह फोटो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है।

डीएम समेत अन्य अधिकारियों को बांधी राखी
बलिया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र में रक्षाबंधन आध्यात्मिक वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ब्रह्माकुमारीज संस्था की मुख्य प्रभारी उमा दीदी जी ने रक्षाबंधन पर्व की आध्यात्मिक महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के बीच राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि यह स्वयं को विकारों, नकारात्मक विचारों और बुराइयों से बचाने का संकल्प लेने का पर्व है। राखी पवित्रता, आत्मिक प्रेम, मर्यादा और परमात्म स्मृति का प्रतीक है। जब हम अपने जीवन में श्रेष्ठ संकल्पों को धारण करते हैं तो हमारा जीवन सुख- शांति और प्रसन्नता से भर जाता है। रक्षाबंधन का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, एएसपी संजय वर्मा, सीएमओ डा. अभय नारायण राय, सीडीओ आलोक कुमार आदि को भी राखी बांधी गई। इस अवसर पर सुमन, सुरेश, पूजा, रामेश्वर, तारकेश्वर सिंह, कपिलदेव उपाध्याय, शंकर दयाल, वंदना, निधि, अभिषेक, सुरेन्द्र, प्रदीप, उमेश आदि मौजूद रहे।

भाजपा नेत्री ने भाईयों की कलाई पर बांधी राखी
बैरिया। क्षेत्र में भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्रेह और सामाजिक समरसता का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भाजपा की जिला मंत्री विजयालक्ष्मी सिंह ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर बड़ी संख्या में भाईयों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा नेत्री ने नवका टोला स्थित अपने आवास के अलावा इब्राहिमाबाद नई बस्ती, प्रसाद छपरा तथा दियरांचल के झरकटहां में पहुंचकर लोगों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भाइयों ने बहनों के स्रेह को स्वीकार करते हुए उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया। भाजपा नेत्री विजयालक्ष्मी सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी देता है। हमारी भारतीय संस्कृति समाज को जोड़ने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देती है। कहा कि भाजपा के सांगठनिक दृष्टिकोण से बैरिया विधानसभा के चारो मंडलों में रक्षाबंधन का पर्व सामाजिक समरसता की भावना के साथ मनाया गया। समाज में एकता और समरसता मजबूत होगी तो राष्टÑ भी और सशक्त बनेगा।

