
बांसडीह के गलाफरपुर में राहत शिविर पहुंचकर सीएम ने बांटी राहत सामग्री, जनसभा में सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
बलिया। देवरिया के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलिया पहुंचे। उन्होंने बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद गलाफरपुर गांव स्थित बाढ़ राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ आई है। इन सभी जिलों में लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी नजर बलिया के बाढ़ प्रभावित हालात पर है और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के अधिकारियों से लगातार बातचीत होती रहती है।

प्रत्येक बाढ़ पीड़ित परिवार को राहत पोटली दी जा रही है। इसमें 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, दो किलो अरहर की दाल, दो किलो चना, दो किलो भुना चना, एक किलो चीनी, बिस्किट के पैकेट, साबुन, डेटॉल, दो किलो रिफाइंड तेल, तौलिया समेत आवश्यक सामग्री शामिल है।

पहले 40 जिलों में आती थी बाढ़, अब संख्या 26 हुई
योगी ने कहा कि पहले प्रदेश के 40 जिलों में बाढ़ आती थी, लेकिन इस बार यह संख्या घटकर 26 रह गई है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से जनहानि को न्यूनतम रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। जहां नदियां फैल गई हैं, वहां चौनलाइजेशन का काम कराया जा रहा है। घाघरा नदी को चौनलाइज करने की जरूरत बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी से निकलने वाली सिल्ट का उपयोग कर बोल्डर से ठोकर बनाई जाए, ताकि भविष्य में बाढ़ का प्रभाव कम किया जा सके।

बलिया में बनेगा मेडिकल कॉलेज और भृगु कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलिया में महर्षि बाबा भृगु के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनने जा रहा है। बाबा भृगु के नाम पर कॉरिडोर भी बनाया जा रहा है। उन्होंने इसका श्रेय जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों और सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार और अच्छे जनप्रतिनिधियों के कारण विकास के कार्य हो रहे हैं।

दयाशंकर सिंह को लेकर भी बोले योगी
जनसभा में मुख्यमंत्री ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का नाम लेते हुए कहा कि बलिया से बक्सर तक उनकी जमीन दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि बलिया का व्यक्ति जहां भी जाता है, अपनी अलग पहचान बनाता है। मुख्यमंत्री ने बलिया को मंगल पांडेय और स्वतंत्रता आंदोलन की धरती बताते हुए कहा कि 1942 में यहां के लोगों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया था।
सपा पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस की पिछलग्गू बनी
योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश की आजादी और संविधान का गला घोंटने का काम किया, उसी कांग्रेस की समाजवादी पार्टी आज पिछलग्गू बनी हुई है। उन्होंने जयप्रकाश नारायण का जिक्र करते हुए कहा कि सिताब दियारा की धरती ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। संसाधनों की कमी नहीं थी और युवा प्रतिभावान थे, लेकिन उस समय प्रदेश में अराजकता का माहौल था। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोग आज नौजवानों की बात किस मुंह से करते हैं।

