
बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हेलीकाप्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरयू और गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हालात का जायजा लेने के साथ ही बाढ़ प्रभावितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और बाढ़ राहत सामग्री का वितरण भी किया।

बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के सहतवार के गलाफरपुर मौजे में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने बलिया सदर, बांसडीह और बैरिया तहसील में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। प्रत्येक बाढ़ पीड़ित को 50 किलो की राशन किट उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में पीड़ितों को 500 ग्राम राशन भी नसीब नहीं होता था। सपा सरकार में केवल राहत सामग्री में लूट होती थी। उसके नेता-कार्यकर्ता अपनी जेब भरते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश में गुंडों और माफिया को बढ़ावा दिया। उस समय की व्यवस्था पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि तब ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ की स्थिति थी, जबकि भाजपा सरकार में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कालेज’ की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि बलिया में भी मेडिकल कालेज का शिलान्यास जल्द किया जाएगा।

