
सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस की डायरेक्टर का दो दिवसीय दौरा
बलिया। सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस की डायरेक्टर श्रीमती अमृता बर्मन का बलिया में दो दिवसीय दौरा प्रारंभ हो गया है। शुक्रवार को पहले दिन उन्होंने विद्यालय की मार्निंग असेंबली पेरेंट्स फोरम और स्टूडेंट्स फोरम में विशेष रूप से शिरकत की, जहां शिक्षा, वैश्विक पाठ्यक्रम और बच्चों के भविष्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। इस दौरान बच्चों द्वारा विशेष साक्षात्कार सत्र का आयोजन किया गया। बच्चों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए टॉप 100 ग्लोबल एजुकेशनिस्ट्स में शामिल श्रीमती बर्मन ने हर प्रकार के विकास में शिक्षा को सर्वोपरि बताया।
उन्होंने कहा कि सफलता अथक परिश्रम, लगन एवं अटूट विश्वास से आती है। इसके लिए नियमित अभ्यास बेहद जरूरी है। आपका संपूर्ण ज्ञान आपकी मंजिल की ओर केंद्रित होना चाहिए। अपनी विदेश यात्राओं का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने सिंगापुर, जापान और फिनलैंड की उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली को रेखांकित किया तथा जीवन में पुस्तकों के महत्व को समझाया। उन्होंने सनबीम बलिया की चकाचौंध व्यवस्था की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और बच्चों के अनुशासित व्यवहार को सराहा। इस दौरान श्रीमती बर्मन ने हिंदुस्तान ओलंपियाड में उत्कृष्ठ प्रदर्शन किये विजेता छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, सचिव श्रीवत्स सिंह, निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने स्कूल की सभी कक्षाओं का सघन निरीक्षण किया। वहीं, पेरेंट्स फोरम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने हिस्सा लिया। अभिभावकों ने बच्चों के पठन-पाठन और स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर कई प्रश्न पूछे, जिनका श्रीमती बर्मन ने बहुत ही सहजता और स्पष्टता के साथ संतोषजनक उत्तर दिया।
परीक्षा के तनाव से दूर रहने को दिया टिप्स
बलिया। अंतिम सत्र में स्टूडेंट्स फोरम का आयोजन हुआ, जिसमें डायरेक्टर ने विद्यार्थियों के अध्ययन से संबंधित समग्र प्रक्रियाओं एवं क्रियाकलापों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को बेहतर पढ़ाई करने और परीक्षा के तनाव से दूर रहने के लिए कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए। साथ ही उन्हें निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन संजय पांडेय, सचिव श्रीवत्स सिंह, निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह, प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह, उप प्रधानाचार्य पंकज सिंह, प्रशासक संतोष कुमार चतुर्वेदी, ग्लोबल कोआर्डिनेटर श्रीमती सहर बानो, हेड मिस्ट्रेस नीतू पांडेय आदि मौजूद रहे। संचालन अक्षत दुबे ने किया।

