Asarfi

Ballia : आरोपी को छुड़ाने के प्रयास में पुलिस पर पथराव, दो पुलिसकर्मी घायल, सरकारी वाहन का शीशा टूटा

width="500"

बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नगपुरा पश्चिम टोला में मंगलवार को मारपीट के आरोपी को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाए, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं। पथराव में थाना चितबड़ागांव की सरकारी गाड़ी का पिछला शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।


पुलिस के अनुसार मंगलवार को पीआरबी को सूचना मिली कि नगपुरा पश्चिम टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार के साथ गांव के ही मिंटू नामक युवक ने मारपीट की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी मिंटू को पकड़ लिया था। सूचना पर चौकी इंचार्ज नगपुरा संदीप कुमार यादव, पीआरवी टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा आरोपी को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर पुलिस वाहन में बैठा लिया।


इसी दौरान वहां मौजूद कुछ महिला-पुरुष और युवक उग्र हो गए और आरोपी को अपने हवाले करने की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रसड़ा, थानाध्यक्ष फेफना समेत अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाने और शांतिपूर्ण वार्ता का प्रयास किया जा रहा था, तभी कुछ लोग अचानक उग्र होकर पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे।
पथराव में एक-दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जबकि सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस ने स्थिति संभालते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है और वर्तमान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर कई थानों की फोर्स मौजूद है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *