Ballia : सरयू नदी पर बन रहे ओवरब्रिज का सरिया स्ट्रक्चर गिरा, चार मजदूर गंभीर रूप से घायल

बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के मुजौना गांव के पास सरयू नदी पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पिलर निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार को अचानक सरिया का स्ट्रक्चर गिरने से वहां काम कर रहे कई मजदूर नीचे गिर पड़े, जिससे निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में चार मजदूर घायल हो गए। घायलों की पहचान अमीर अंसारी (42 वर्ष, निवासी बिहार), इस्माइल (26 वर्ष, निवासी बिहार), नूर मोहम्मद (40 वर्ष) एवं अब्दुल्लाह (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में उभांव थाना प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि मुजौना के पास सरयू नदी पर बन रहे ओवरब्रिज के पिलर निर्माण के दौरान सरिया का स्ट्रक्चर गिरने से यह हादसा हुआ, जिसमें मजदूर घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए भेज दिया गया है।

