
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार चौराहे पर क्लीनिक संचालिका कंचन भारती की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विवाद के दौरान क्लीनिक में रखी लोहे की रॉड से कंचन के सिर पर हमला किया था। घटना के बाद वह बाइक से फरार हो गया। भागते समय पिकअप की टक्कर से वह घायल हो गया। पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। मृतका कंचन के पति सियाराम बसपा नेता हैं और उन्होंने पिछले जिला पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 32 से चुनाव लड़ा था।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर नगरा थाना पुलिस ने मृतका के पति सियाराम की तहरीर पर उनके भतीजे के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका की कुछ गतिविधियों और क्रियाकलापों से वह असंतुष्ट था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान उसने क्लीनिक में रखी लोहे की रॉड उठाकर कंचन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से भाग निकला।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के खारी गांव निवासी 35 वर्षीय कंचन पत्नी सियाराम का क्लिनिक नगरा के गड़वार मोड़ पर है। मंगलवार देर शाम कंचन क्लिनिक पर थीं। देर रात तक घर न लौटने पर सियाराम ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
रात करीब नौ बजे सियाराम कंचन को खोजते हुए क्लिनिक पहुंचे, जहां उन्होंने कंचन का खून से लथपथ शव देखा। बताया जा रहा है कि बसपा नेता सियाराम की पत्नी कंचन को कभी सियाराम तो कभी उनका भतीजा बिट्टू बाइक से क्लिनिक लाने और घर छोड़ने जाया करते थे। मंगलवार को बिट्टू ही कंचन को लाने के लिए गया था। घटना के बाद से बिट्टू फरार है और उसका मोबाइल बंद आ रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। क्लिनिक को भी सील कर दिया गया है।

