
बलिया। सर गंगाराम अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में कार्यरत बलिया निवासी प्लास्टिक सर्जन डॉ. अनिमेष गुप्ता ने डॉक्टरों की टीम के साथ मिलकर 35 वर्षीय महिला के दोनों हाथों का सफल ट्रांसप्लांट कर चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस जटिल सर्जरी के सफल होने पर बलिया में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी महिला वर्ष 2024 में एक गंभीर हादसे का शिकार हो गई थी, जिसमें उसने अपने दोनों हाथ गंवा दिए थे। इसके बाद उसका सामान्य जीवन काफी कठिन हो गया था। डॉक्टरों की टीम ने करीब 10 से 12 घंटे तक चले ऑपरेशन में महिला के दोनों हाथों का सफल प्रत्यारोपण किया।

डॉक्टरों के मुताबिक महिला का दाहिना हाथ कोहनी के ऊपर से जबकि बायां हाथ कलाई के पास से जोड़ा गया है। ऑपरेशन के दौरान हड्डियों, नसों और मांसपेशियों को अत्यंत बारीकी से जोड़कर हाथों को फिर से कार्य करने योग्य बनाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति स्थिर है और धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। इस सफल ट्रांसप्लांट के पीछे 55 वर्षीय पुरुष डोनर के परिवार का निस्वार्थ निर्णय भी अहम रहा। प्लास्टिक सर्जन डॉ. महेश मंगल और डॉ. अनुभव गुप्ता के नेतृत्व में विशेषज्ञों की बड़ी टीम ने इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया।
डॉ. अनिमेष गुप्ता बलिया जनपद के सुप्रसिद्ध एवं मुख्य चिकित्साधिकारी पद से सेवानिवृत्त डॉ. बद्रीनारायण गुप्ता के द्वितीय पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने गर्व जताते हुए उन्हें और उनकी टीम को बधाई दी है।

