
सीएम डैशबोर्ड में खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, बी, सी और डी श्रेणी वाले अधिकारियों का वेतन रोकने के दिए आदेश
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक हुई। समीक्षा के दौरान कई विभागों की खराब रैंकिंग सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में जननी सुरक्षा योजना की रैंकिंग बी, जल जीवन मिशन की रैंकिंग बी, पोषण अभियान की रैंकिंग सी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की रैंकिंग बी, खनन विभाग की रैंकिंग डी, निर्माण कार्य में मंडी रसड़ा की रैंकिंग बी तथा स्टाम्प रजिस्ट्रेशन की रैंकिंग सी पाई गई।
खराब प्रदर्शन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए रैंकिंग बी, सी और डी वाले विभागों के अधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने डूडा विभाग के अधिकारियों एवं सभी कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। चार कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है, उनकी समय सीमा बढ़ाने की कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए।
साथ ही उन्होंने कहा कि अगस्त माह में पूर्ण होने वाली सभी परियोजनाओं को समय से पूरा कर संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करें। डीएम ने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

