
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को नव निर्मित कलेक्ट्रेट सभागार भवन का फीता काटकर विधिवत शुभारम्भ किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन में सीसीटीवी कैमरे, चार एलईडी स्क्रीन तथा वातानुकूलन (एसी) की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रशासनिक कार्यों के संचालन में और अधिक सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण के अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि नए सभागार भवन के निर्माण से प्रशासनिक बैठकों, समीक्षा कार्यक्रमों एवं विभिन्न सरकारी आयोजनों के आयोजन में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह सभागार प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने भवन की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसके बेहतर उपयोग एवं रखरखाव के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नए सभागार भवन के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

