
बेल्थरारोड (बलिया)। क्षेत्र के पशुहारी गांव में चार दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। एक के बाद एक हुई इन मौतों ने ग्रामीणों को भी चिंता में डाल दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पशुहारी गांव निवासी शिवचंद राजभर की पत्नी आशा देवी (45 वर्ष) पिछले कुछ दिनों से पैर में सूजन और खून की कमी के कारण बीमार चल रही थीं। उनका मऊ में उपचार चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
पत्नी की मौत के गम से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि अगले ही दिन सोमवार को शिवचंद राजभर की मां जोनिया देवी (82 वर्ष) की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार उनकी तबीयत भी इसी तरह की बीमारी के कारण खराब हुई। उन्हें उपचार के लिए मऊ ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
परिवार पर दुखों का पहाड़ यहीं नहीं टूटा। बुधवार को शिवचंद राजभर की पुत्री प्रीति (20 वर्ष) की अचानक तबीयत खराब हो गई और देखते ही देखते करीब दो घंटे के भीतर उसकी भी मौत हो गई। महज चार दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिजन बदहवास हैं, वहीं पूरे पशुहारी गांव में मातम पसरा हुआ है। लगातार हुई मौतों के बाद लोगों में बीमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
मामले की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर के अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पशुहारी गांव पहुंची। डॉ. सत्येन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रमोद, आनंद कुमार, विष्णु प्रकाश दुबे, उमेश कुमार, सुमित कुमार, एलटी चंदन कुमार तथा वार्ड बॉय दिनेश कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान प्रभा शंकर राजभर की मौजूदगी में पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों की गहन स्वास्थ्य जांच की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही अन्य आवश्यक जांच कराने के लिए परिवार के कुछ सदस्यों को सीएचसी सीयर बुलाया गया है। स्वास्थ्य विभाग अब जांच रिपोर्ट के आधार पर बीमारी के कारणों का पता लगाने में जुटा है।

